डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला के एनएसएस स्वयंसेवी सौरभ और भूमिका को वर्ष 2026 के एनएसएस सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी साईं सृजन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों विद्यार्थियों का चयन एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान और सक्रिय सहभागिता के आधार पर किया गया है। पुरस्कार समारोह दो अक्टूबर को महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। संस्था के संस्थापक प्रो. केएल तलवाड़ ने बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पिछले वर्ष से शुरू किया गया है। इसके तहत महाविद्यालय द्वारा चयनित दो सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवियों को प्रशस्तिपत्र, स्मृति-चिह्न, जूट बैग और नकद धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण को प्रोत्साहित करना है। डोईवाला महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने बताया कि एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिव कुमार लाल की संस्तुति के आधार पर सौरभ और भूमिका का पुरस्कार के लिए चयन किया गया है।











