डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में शुक्रवार को जवानों एवं कर्मचारियों के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने किया। एसडीआरएफ जवानों को वर्षभर आपदा एवं रेस्क्यू अभियानों, चारधाम व कांवड़ यात्रा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण ड्यूटियों में तैनात रहना पड़ता है। कई बार लंबे समय तक परिवार से दूर रहने के कारण छोटे बच्चों की देखभाल चुनौतीपूर्ण हो जाती है। इसे देखते हुए मुख्यालय में सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण वाली क्रेच सुविधा शुरू की गई है। यहां बच्चों की देखभाल, आराम और मनोरंजन का ध्यान रखा जाएगा। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि जवानों के मनोबल और कार्यक्षमता को बनाए रखने के लिए उनके परिवारों एवं बच्चों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी महत्वपूर्ण है। क्रेच सुविधा से महिला कार्मिकों सहित छोटे बच्चों वाले जवानों एवं कर्मचारियों को विशेष लाभ मिलेगा। इस अवसर पर उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, आनंद सिंह रावत, योगेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।











