डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान क्षेत्रवासियों ने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। इस संबंध में सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने नगर पालिका परिषद डोईवाला के अधिशासी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ समय से वार्ड में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बंदरों के झुंड घरों, गलियों और आसपास के क्षेत्रों में घूमते रहते हैं। खाद्य सामग्री व घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बंदरों के कारण क्षेत्र में लोगों के चोटिल होने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। प्रकाश कोठारी ने मांग की कि संबंधित विभाग की विशेषज्ञ टीम के माध्यम से शीघ्र अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ा जाए, ताकि वार्डवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।











