
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सोमवार को एबीवीपी ने अध्यक्ष समेत सभी छह पदों पर अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर पूरी चुनावी टीम मैदान में उतार दी।
एबीवीपी के डोईवाला नगर मंत्री गौरव बिजल्वाण ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। अध्यक्ष पद के लिए दीपक नौटियाल, उपाध्यक्ष पद के लिए रोहन पाल, सचिव पद के लिए प्रिंस शर्मा, सहसचिव पद के लिए वंशिका, कोषाध्यक्ष पद के लिए पलक और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए प्रियांशु कृषाली को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया।
प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी की और चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा कि डोईवाला महाविद्यालय में एबीवीपी लंबे समय से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रही है। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि गत 15 वर्षों से महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के प्रत्याशी जीत दर्ज करते आए हैं। इस बार भी संगठन ने सभी छह पदों पर प्रत्याशी उतारकर चुनाव की तैयारी पूरी कर ली है।
एबीवीपी के नगर अध्यक्ष कुलभूषण ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर संगठन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार कार्य करती रही है। संगठन छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी सक्रिय रहेगा।
डोईवाला नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाने का अवसर देता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
इस मौके पर एबीवीपी नगर उपाध्यक्ष अर्पित सिंह नेगी, केतन गुप्ता, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रकाश कोठारी, मोहित डंगवाल, अंशुल कृषाली, अभिनव गोपाल राणा, अमित कुमार आदि थे।











