डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहरी विकास निदेशालय एवं जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद, डोईवाला द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत घर-घर जाकर परिवारों को कूड़े के चार प्रकार से पृथक्करण एवं स्वच्छता संबंधी जानकारियां दी जा रही हैं। बुधवार को आदर्श एनक्लेव एवं सैनिक कॉलोनी, चांदमारी में स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने क्षेत्रवासियों को कूड़े के पृथक्करण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गीले एवं सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने के साथ ही अन्य श्रेणियों के अपशिष्टों का भी पृथक्करण किया जाना आवश्यक है, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने लोगों को जैविक खाद तैयार करने के तरीकों तथा स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही सभी परिवारों से घरों में कूड़ा पृथक्करण की व्यवस्था अपनाने और स्वच्छ वातावरण बनाने में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर विपिन गोस्वामी, अनीता अग्रवाल, पूनम तोमर, तुलसी देवी, पिंकी देवी, मीनाक्षी देवी, सीमा देवी, परमेश्वरी देवी, पूजा देवी, धर्मपाल रावत, डॉ. भगवती प्रसाद गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।










