डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज में टिहरी जनक्रांति के नायक अमर शहीद श्री देव सुमन के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही, कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर भी कार्यक्रम आयोजित कर शहीद सैनिकों को नमन किया गया। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि टिहरी राजशाही के दमन के विरुद्ध श्री देव सुमन का 84 दिनों का आमरण अनशन इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि श्री देव सुमन ने जनता को अत्याचारों और कष्टों से मुक्ति दिलाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जो आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी एवं अश्वनी गुप्ता ने कहा कि 26 जुलाई, 1999 को कारगिल युद्ध में भारत माता के 527 वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। वही, कक्षा 11 की छात्राओं गौरी अंसारी एवं काजल ने अमर शहीद श्री देव सुमन के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, विवेक बधानी, राधा गुप्ता, पूजा जोशी, तेजवीर सिंह, श्यामानंद, अनीता बलोदी, अर्चना पाल, मयंक शर्मा आदि उपस्थित रहे।











