हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली।
नंदा देवी की लोकजात अथवा बड़ीजात को लेकर चल रही खींचतान के बीच अब पुलिस, प्रशासन अलर्ट मोड़ पर आ गया है।दोनो ही यात्राओं में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चेपडो मैदान में पुलिस को ब्रीफ करते हुए पुलिसकर्मियों को अहम दिशा-निर्देश दिए आगे की यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को 1 जोन एवं 4 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ समेत पूर्व में यात्रा कर चुके जवानों की टुकड़ी और विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्वतारोही पुलिस दल की भी तैनाती की गई है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि माँ नन्दा जात यात्रा एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था से जुड़ी यात्रा है, जिसकी अपनी विशेष संवेदनशीलता है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के साथ ही यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियां भी काफी विषम एवं चुनौतीपूर्ण हैं। कई स्थानों पर दुर्गम पैदल रास्ते, कठिन चढ़ाई-उतराई एवं फिसलन जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी चमोली ने मौसम एवं मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के आवश्यक दिशा-निर्देश न दिए । उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि माँ नन्दा की इस पावन यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित रहे और आस्था की इस कठिन डगर को सकुशल पूरा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे। उन्होंने जवानों से यात्रा में सामिल प्रत्येक यात्री को अपेक्षा के अनुरूप सहयोग देने की बात कही।इस दौरान भारी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।इस मौके पर थराली के उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत भी मौजूद थे।











