
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पृथ्वी बैडमिंटन एकेडमी, भानियावाला में आयोजित द्वितीय बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-11, 13, 15 एवं 17 आयु वर्ग के सिंगल्स और डबल्स मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
बताया गया कि प्रतियोगिता में डोईवाला, देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि राजवीर खत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बेहद दूर और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार, (अंडर-11) बालक वर्ग में अक्षण विजेता तथा अयान उपविजेता रहे, जबकि बालिका वर्ग में प्राप्ति ने पहला और आशिता ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, (अंडर-13) बालिका वर्ग में दक्षा ध्यानी प्रथम, प्राप्ति द्वितीय एवं सुखमणि तृतीय रहीं। बालक वर्ग में हर्षित जोशी विजेता, शाश्वत उनियाल उपविजेता तथा आहान सुयाल तीसरे स्थान पर रहे।
साथ ही (अंडर-15) बालक वर्ग में आदित्य शर्मा ने खिताब जीता, जबकि वंशज दूसरे और हर्षित जोशी तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में दक्षा ध्यानी प्रथम, अनुष्वी सजवान द्वितीय तथा आयुषी काला तृतीय रहीं। जबकि (अंडर-17) बालिका वर्ग में आयुषी काला ने प्रथम, ऋचा ने द्वितीय और पंखुड़ी मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में अजमाया चमोली विजेता, रुद्रांश जोशी उपविजेता तथा वेदांश बिजलवान तीसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा डबल्स स्पर्धाओं में (अंडर-15) बालिका वर्ग में आराध्या सैनी एवं अनन्या विजेता रही, जबकि शिवांशु एवं श्रेया की जोड़ी उपविजेता रही। जबकि बालक वर्ग में आदित्य एवं सूर्यांश की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, (अंडर-17) बालक डबल्स में लविश एवं गार्लिब विजेता तथा आदित्य एवं सैफी उपविजेता रहे। बालिका डबल्स में ऋचा एवं कर्णना की जोड़ी ने खिताब जीता, जबकि कनिष्का एवं श्रेया उपविजेता रहीं।
इस अवसर पर डॉ. एस. चौधरी, आयोजक अभिषेक पोखरियाल, राजेश यादव आदि उपस्थित रहे।











