देहरादून, (प्रियांशु सक्सेना)। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से आगामी 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में 18 निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से कुल 904 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवायोजन विभाग की ओर से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में देहरादून सहित अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण करा सकेंगे।
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा। सेवायोजन विभाग ने इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है।
रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इन्फॉर्मेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार सहित अन्य कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
इसके अलावा सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है। इसके लिए आईटीआई अथवा आईटीआई प्रमाण-पत्र धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह का अनुभव तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। योजना के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।











