डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में आगामी 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए बुधवार को कुल 42 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। छात्रसंघ चुनाव के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र खरीदने पहुंचे थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि अध्यक्ष समेत छह पदों के लिए कुल 42 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें अध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए छह-छह, जबकि उपाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए नौ-नौ नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।











