डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मारखम ग्रांट के बुल्लावाला गांव निवासी उत्तराखंड क्रांति दल के मंडल अध्यक्ष पंकज रावत ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि बुल्लावाला निवासी भाजपा नेता एवं जिला पदाधिकारी तथा उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। पंकज रावत का आरोप है कि शनिवार रात करीब नौ बजे उनके साथ मारपीट की गई। इसके अलावा उनकी सोने की चेन भी लूट ली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को काफी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता डोईवाला कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात कर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
यूकेडी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सत्ता के प्रभाव में भाजपा से जुड़े लोग आम जनता के साथ बदतमीजी और दबंगई कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोतवाली का घेराव किया जाएगा। कोतवाली पहुंचे यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। हालांकि, मामले में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











