हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली।
विकासखंड देवाल के जेष्ठ प्रमुख एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष दीपक गड़िया की अध्यक्षता में आयोजित ब्लाक शिक्षा समिति की एक बैठक में शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाएं जाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
किए गए।
ब्लाक सभागार देवाल में शिक्षा समिति की आयोजित बैठक में जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया ने सरकारी स्कूल, कालेजों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए अभिभावकों को अपने पाल्यों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।बैठक में विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को सुधारने के प्रयास करने, भवनों का उचित रखरखाव करने, विद्यालयों में बनने वाले मीड डे मील के भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, विद्यालयों में शौचालयों को स्वच्छ रखें जाने पर बल दिया गया।इस मौके पर विकासखंड में शिक्षकों की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए जेष्ठ प्रमुख ने रिक्त पदों को भरें जाने का प्रयास करने की बात कही।इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी योगेश सेमवाल ने विकासखंड की शिक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि सभी शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों को स्कूल, कालेजों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए प्रयत्न करने होंगे, बताया कि घटती छात्र संख्या के कारण कई प्राइमरी स्कूलों पर बंदी की तलवार लटक रही हैं, इन्हें बचाने के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने होगी।इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी जयदीप बेरवाण ने कहा कि क्षेत्र की सुदृढ़ शिक्षा व्यवस्था के बलबूते ही क्षेत्र का विकास तेज होगा, उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से वरियता के आधार पर शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए योजनाएं तैयार करने की अपील की।इस बैठक में राजकीय इंटर कालेज देवाल,सवाड़, ल्वाणी, मुन्दोली, वाण,घेस,मेलखेत,बोरागाड़, कन्या हाईस्कूल देवाल, जनता हाईस्कूल सरकोट आदि के प्रतिनिधियों के अलावा जूनियर हाईस्कूल एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में पंचायत प्रतिनिधि दलवीर राम,उर्वी दत्त जोशी आदि ने प्रमुखता से विचार व्यक्त किए।














