हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली।
तहसील मुख्यालय थराली में स्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती,अन्य चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर 10 नवंबर से शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन किए जाने की क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी हैं।
मंगलवार को थराली के उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह से नगर पंचायत थराली के पार्षद दिवाकर सिंह नेगी, भाजपा नेता कैलाश जोशी,संजय जोशी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेंद्र सिंह बिष्ट, योगेश देवराड़ी, कृष्णा सिंह रावत आदि ने भेट कर उन्हें
मुख्यमंत्री को संबोधित एक संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा । सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से क्षेत्रीय जनता पिंडर घाटी के लोगों के लिए बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए थराली में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की गई हैं। परंतु वर्तमान में सीएचसी ही गंभीर समस्याओं से घिरा हुआ हैं, प्रयाप्त चिकित्सकों एवं चिकित्सकीय स्टाफ के अभाव में केंद्र रेंफर सेंटर बन कर रह गया हैं। कई गंभीर बीमारों को उचित स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में अपनी जान गंवानी पड़ी हैं। ज्ञापन में बताया गया है कि लंबे समय से सीएचसी में प्रयाप्त चिकित्सकों एवं चिकित्सकीय स्टाफ के अलावा महत्वपूर्ण उपकरणों की स्थापना की क्षेत्रीय जनता विभिन्न मंचों से मांग करते आ रही हैं,परन्तु क्षेत्रीय जनता की मांग पर शासन, प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के द्वारा ध्यान नही दिया जा रहा हैं। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रीय जनता ने सीएचसी में व्याप्त समस्याओं के निराकरण के लिए आगामी 10 नवंबर से सीएचसी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन एवं क्रमिक अनशन करने की चेतावनी दी। इससे पूर्व एक प्रतिनिधिमंडल ने चमोली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भेट कर उन्हें भी सीएचसी की समस्याओं से अवगत करते हुए निराकरण की मांग की थी किंतु समस्याएं जस-की-तस बनी हुई हैं।














