
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। माजरी ग्रांट में सिंचाई नहर के किनारे रेलिंग लगाने के प्रस्तावित कार्य का जल योजना कमेटी और ग्रामीणों ने विरोध किया है। इस संबंध में कमेटी अध्यक्ष दयाराम पाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी डोईवाला को ज्ञापन सौंपकर नहर के किनारे रेलिंग लगाने का कार्य रोकने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि कालूवाला, संगतियावाला, कांडरवाला, भानियावाला, अठूरवाला, जीवनवाला, माजरीग्रांट और शेरगढ़ तक जाने वाली सिंचाई नहर क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का एकमात्र माध्यम है। कमेटी की ओर से समय-समय पर जेसीबी मशीन से नहर की सफाई कराई जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलिंग लगने से नहर की सफाई में दिक्कत आएगी और खेतों तक पानी पहुंचाने में भी परेशानी होगी। इससे नहर में गंदगी जमा होने और पानी का प्रवाह बाधित होने की आशंका है, जिसका सीधा असर खेती और फसलों पर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्या को देखते हुए प्रस्तावित कार्य रोकने की मांग की है। ज्ञापन देने वाले में हरपाल सिंह, शमशेर सिंह, सुशील कुमार, देवेंद्र सिंह, अनूप पाल आदि थे।














