डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका प्रशासन डोईवाला ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने चार चालान करते हुए कुल 22,100 रुपये का अर्थदंड वसूला। मंगलवार को नगर पालिका की टीम ने डोईवाला बाजार क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को भी टीम ने मौके पर हटवाया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सफाई सुपरवाइजर सुरेंद्र, नीरज, प्रवीण और विनीत आदि शामिल रहे।











