डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला ब्लॉक के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपखंड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला को ज्ञापन सौंपा। मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में कक्षा एक से पांच तक करीब 50 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने के लिए वर्तमान में केवल एक शिक्षक है। वह भी प्रधानाध्यापिका के स्थान पर अस्थायी रूप से कार्यरत हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वही, परवेज अली ने बताया कि विद्यालय उर्दू माध्यम का है, लेकिन पिछले पांच वर्षों से उर्दू शिक्षक की नियुक्ति नहीं होने के कारण विद्यार्थी उर्दू की शिक्षा से भी वंचित हैं। उन्होंने विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मंडल सचिव याकूब अली, मलकीत सिंह, जाहिद अंजुम, जसवीर सिंह आदि मौजूद रहे।











