
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से नुन्नावाला, डोईवाला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस कार्यक्रम को केवल सफल ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की राजनीति में नई ऊर्जा और चेतना का प्रतीक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितनी भी बाधाएं खड़ी करे, कांग्रेस अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगी और छात्रों की आवाज़ को हर हाल में बुलंद करेगी।
बताया गया कि कार्यक्रम के लिए पहले देहरादून के परेड ग्राउंड की अनुमति ली गई थी, लेकिन राहुल गांधी के आगमन से घबराकर भाजपा सरकार ने उसकी अनुमति रद्द कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और सरकार की इस मानसिकता से डरने वाली नहीं है। अब यह कार्यक्रम बन्नू स्कूल ग्राउंड, देहरादून में आयोजित किया जाएगा, जिसे भव्य और ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्तराखंड कांग्रेस के सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि छात्रों की गूंज केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों की आवाज़ को बुलंद करने का अभियान है। सहप्रभारी मनोज यादव ने कहा कि प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचकर उनकी कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
परवादून जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज़ दबाने का हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता और छात्रों की आवाज़ को बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध है। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से छात्रों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस दौरान डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शास्त्री, पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अश्विनी बहुगुणा, हेमा पुरोहित, सागर मनवाल, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सभासद गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, राहुल सैनी, सुनील बर्मन, तेजपाल सिंह, आरिफ अली, राहुल आर्य, प्रवीण सैनी, अनुज कन्नौजिया, शुभम काम्बोज आदि उपस्थित रहे।











