डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित एक दिवसीय शिविर के तहत विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर परिसर में उगी झाड़ियों और खर-पतवार को हटाकर विद्यालय को स्वच्छ बनाया। बुधवार को आयोजित बौद्धिक सत्र में उपप्रधानाचार्य आलोक जोशी ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम विभिन्न बीमारियों के फैलने का कारण बनता है, ऐसे में स्वच्छ वातावरण ही हमें स्वस्थ रखने में सहायक होता है। वरिष्ठ शिक्षक अश्वनी गुप्ता और अवधेश सेमवाल ने स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए शिविर में प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी पूजा जोशी ने कहा कि एक दिवसीय शिविर के माध्यम से एनएसएस स्वयंसेवियों को श्रमदान से जोड़कर उसकी महत्ता से परिचित कराया गया। इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम अधिकारी सुदेश सहगल, ओमप्रकाश काला, तेजवीर सिंह तथा स्वयंसेवी ईशिका, लक्की, जिया, हिमांशु, वरदान थापा आदि उपस्थित रहे।











