डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पब्लिक इंटर कॉलेज में हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के जूनियर और सीनियर वर्ग में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी भावों की भाषा है, जो देशभक्ति की भावना को जागृत करने के साथ ही हमारी संस्कृति और पहचान से जोड़ती है। गुरुवार को विद्यालय में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘भाषा की महत्ता और उसका सम्मान’ रहा। जूनियर वर्ग में आस्था, दीपांजली भारती और महक ने स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग में सुहाना, शिदरा और कल्पना ने स्थान हासिल किया। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल एवं उप प्रधानाचार्य आलोक जोशी ने कहा कि हिंदी हमारे स्वाभिमान और अस्मिता की प्रतीक है। इसके विकास और समृद्धि के लिए सभी को निरंतर प्रयास करना चाहिए। हिंदी विभागाध्यक्ष अश्वनी गुप्ता ने कहा कि प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अच्छे एवं सटीक विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शिक्षक रत्नेश द्विवेदी ने निभाई। इस अवसर पर शिक्षक भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, अवधेश सेमवाल, पूजा जोशी, सुदेश सहगल, राधा गुप्ता, तेजवीर सिंह, मयंक शर्मा आदि मौजूद रहे।











