डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सुभद्रा बडोला नारी शक्ति ट्रस्ट द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पर्यटन अधिकारी सीमा नौटियाल ने कहा कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। बच्चों का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
खत्ता रोड़ स्थित ट्रस्ट कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वास्थ्य, वन एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों तथा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज की हाईस्कूल टॉपर छात्रा आरूशा और इंटरमीडिएट की छात्रा अंजलि थापा के अलावा शिफा, रंजना रावत, जस्मीत कौर, दिव्यांशी, बुशरा और मंतशा को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकत्री रश्मि, कोमल, अंजू बिष्ट, शिक्षक अश्वनी गुप्ता, महेंद्र कुमार अग्रवाल, राधा गुप्ता, शिक्षणेत्तर कर्मचारी मयंक शर्मा, डॉ. महेंद्र राणा, नीरज गुप्ता, सीएम कोठियाल, डॉ. प्रियंका भारद्वाज एवं वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति को भी सम्मानित किया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष सुशील बडोला ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मिशन के तहत ट्रस्ट इस प्रकार के आयोजन लगातार करता आ रहा है। उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं एवं मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर सभासद सुशीला सैनी, अनिल थपलियाल, अरुणा शर्मा, हिमानी शर्मा, स्वाति कठैत, बाबी शर्मा, अवतार सिंह, अमजद अली आदि मौजूद रहे।











