डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शुक्रवार को डोईवाला ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह द्वारा की गई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं, स्ट्रीट लाइट और वन्य जीवों से फसलों को हो रहे नुकसान जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की। सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई नए प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए, जिनमें सड़कों के सुदृढ़ीकरण, पेयजल योजनाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनके समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने अपने संबोधन में कहा, क्षेत्र पंचायत की बैठक केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह जनता की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। हमारी प्राथमिकता है कि हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं समयबद्ध तरीके से पहुंचे और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो। अधिकारी समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में अधिकारियों ने भी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस बैठक को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की गई। बैठक में ग्राम प्रधान भारत नेगी, सुधीर रतूड़ी, अनूप सिंह, ज्योति सेमवाल, सुषमा बोरा, गोकुल रमोला, चांद खान, बीडीसी पंकज रावत, इंद्रजीत सिंह, अरुण रावत, मोहन थापा, उमा शाही, नितिन कुमार, जसवीर कौर, अनीता खरोला, परमजीत कौर, स्मिता रावत, प्रीत रावत आदि मौजूद रहे।












