

डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। आगामी 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद छात्र संगठनों और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ गई है। शुक्रवार को शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में एबीवीपी, एनएसयूआई और यूएसएफ से जुड़े कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में समर्थन जुटाते नजर आए।
चुनावी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। छात्र संगठन से जुड़े कार्यकर्ता अलग-अलग समूहों में छात्र-छात्राओं से संपर्क कर अपना परिचय देने के साथ ही अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे। इस दौरान एबीवीपी और एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ता कुछ समय के लिए आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
इससे कॉलेज परिसर का माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया। स्थिति को देखते हुए प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट समेत अन्य शिक्षकों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया, जिससे किसी अप्रिय स्थिति को टाला जा सके। छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद छात्र संगठनों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।
वहीं, महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभी तक चुनाव को लेकर विधिवत अधिसूचना प्राप्त नहीं हुई है। अधिसूचना जारी होने के बाद कॉलेज स्तर पर चुनाव प्रक्रिया से संबंधित तैयारियां आगे बढ़ाई जाएंगी। प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने बताया कि स्नातक कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है। कॉलेज में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
अब तक बीए की 533 सीटों के सापेक्ष 436, बीएससी की 120 सीटों के सापेक्ष 79 और बीकॉम की 60 सीटों के सापेक्ष 44 विद्यार्थियों के दाखिले हो चुके हैं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, शेष सीटों पर निर्धारित तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी। छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद चुनाव कार्यक्रम और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
_________________________________________________________
• *छात्र सुरक्षा, कैंटीन और मूलभूत सुविधाएं बनेंगी चुनावी मुद्दे*
डोईवाला महाविद्यालय में छात्र संगठन मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपने कार्यों, मुद्दों और प्रस्तावित एजेंडे की जानकारी दे रहे हैं। इस बार छात्र सुरक्षा, साफ-सफाई, कैंटीन, एमएससी और एमकॉम की कक्षाओं का संचालन, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और सैनिटेशन समेत विभिन्न मुद्दे छात्र संगठनों की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशी छात्र-छात्राओं से संवाद कर समर्थन जुटाने में लगे हैं।
_________________________________________________________
*बिना आईडी कार्ड के प्रवेश पर रहेगी रोक*
चुनावी माहौल को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने परिसर में प्रवेश व्यवस्था सख्त करने का निर्णय लिया है। प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने बताया कि बिना कॉलेज आईडी कार्ड के विद्यार्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जिन विद्यार्थियों के आईडी कार्ड अभी जारी नहीं हुए हैं, वे फीस रसीद दिखाकर कॉलेज में प्रवेश कर सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य चुनाव के दौरान बाहरी या असामाजिक तत्वों के अनधिकृत प्रवेश को रोकना और महाविद्यालय का शैक्षणिक माहौल शांतिपूर्ण बनाए रखना है।











