
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला क्षेत्र में न्यायालय भवन के निर्माण के लिए बुधवार को न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा परवादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान धर्मूचक, सीपेट कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग तथा लच्छीवाला क्षेत्र में भूमि का निरीक्षण कर न्यायालय परिसर के लिए भूमि की उपयुक्तता और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।
बताया जा रहा है कि नई अदालत स्थापित किए जाने की प्रक्रिया के तहत लंबे समय से उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। प्रस्तावित न्यायालय परिसर में सिविल जज सीनियर डिवीजन, फैमिली कोर्ट एवं अपर जिला जज की अदालत स्थापित किए जाने की योजना है। न्यायालय भवन बनने से डोईवाला और आसपास के क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
परवादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष फूल सिंह वर्मा ने कहा कि डोईवाला में न्यायालय की स्थापना के लिए बार एसोसिएशन लंबे समय से प्रयासरत है। स्थानीय स्तर पर कोर्ट बनने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ क्षेत्र की जनता को भी सुविधा मिलेगी और न्यायिक कार्यों के लिए देहरादून जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
सचिव मनोहर सिंह सैनी ने कहा कि डोईवाला में नई अदालत की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण आवश्यकता है। न्यायालय स्थापित होने से डोईवाला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही न्यायिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि उपयुक्त भूमि का चयन होने के बाद न्यायालय निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। इस दौरान जिला जज देहरादून हरीश गोयल, सीजेएम देहरादून, एडीजे तृतीय, डोईवाला न्यायिक मजिस्ट्रेट सांची अग्रवाल, तहसीलदार डोईवाला बीरम सिंह, बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अतुल कुमार, मनीष धीमान, सुशील वर्मा, महेश लोधी, संदीप जोशी, साकिर हुसैन, भव्य चमोला, सुमित, अरुण टम्टा, व्योम गोयल, विवेक भंडारी, राहुल जैकब आदि मौजूद रहे।











