
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। समाज कल्याण विभाग एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के तहत दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को डोईवाला ब्लॉक सभागार में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 400 वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों ने पंजीकरण कराया। पंजीकृत लाभार्थियों को निर्धारित तिथि पर नींबूवाला, देहरादून में उनकी आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर, श्रवण यंत्र, ट्राईसाइकिल, कृत्रिम अंग सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि पंजीकृत लाभार्थियों को जल्द ही उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों के जीवन को सुगम बनाने के लिए सहायता के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।











