
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं। अध्यक्ष समेत छह पदों के लिए कुल 19 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया हुई। अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष पद के लिए चार तथा सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए तीन-तीन नामांकन पत्र दाखिल हुए। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई से वंश खत्री, एबीवीपी से दीपक नौटियाल और यूएसएफ से मोहित मंमगाई ने नामांकन किया। उपाध्यक्ष पद पर जयदीप, रोहन पाल, जितेंद्र सिंह रावत और निर्दलीय सूरज सिंह मेहर ने नामांकन कराया। सचिव पद पर आयुष कृषाली, प्रिंस और हिमांशु नेगी तथा छात्राओं के लिए आरक्षित सह-सचिव पद पर वंदना, अंचल और वंशिका ने नामांकन दाखिल किया। छात्राओं के लिए आरक्षित कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि, पलक और शालिका मैदान में है। वही, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अतुल सिंह, प्रियांशु कृषाली और हिमांशी नेगी ने नामांकन किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और शाम चार बजे वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
____________________________________________
*नगर क्षेत्र में भी चुनावी माहौल नजर आया…*
डोईवाला। कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का असर नगर क्षेत्र में भी देखने को मिला। बृहस्पतिवार को एबीवीपी, एनएसयूआई, यूएसएफ और निर्दलीय उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन के लिए पहुंचे। जौलीग्रांट और भानियावाला समेत विभिन्न क्षेत्रों से छात्र रैलियों के रूप में महाविद्यालय पहुंचे। चुनाव को लेकर नगर के मुख्य मार्गों और विभिन्न स्थानों पर प्रचार सामग्री, बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल बना हुआ है। छात्र संगठनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ महाविद्यालय पहुंचे। हालांकि, महाविद्यालय परिसर में केवल उम्मीदवारों, उनके प्रस्तावकों और अनुमोदकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। नामांकन के दौरान बिना कॉलेज आईडी के परिसर में प्रवेश पर रोक रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।











