डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, भानियावाला में शुक्रवार को निःशुल्क नोटबुक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के साथ-साथ सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई निःशुल्क नोटबुक भी वितरित की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड संख्या-2 के सभासद सुरेश सैनी ने की। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नोटबुक वितरित कीं। कार्यक्रम में विद्यालय के सेवित क्षेत्र के अधिकांश अभिभावकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभासद सुरेश सैनी ने सरकार द्वारा विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षित करने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति का भी पुनर्गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से अनीशा को अध्यक्ष चुना गया। वहीं भगवती इसराना, रेशमा, शब्बो, नीतू, यास्मीन, इकरार, साजिद, अलीशा एवं खुर्शीद को समिति का सदस्य चुना गया। कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ इंडिया, भानियावाला की ओर से छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग भी वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय बहादुर, शिक्षिका शशि प्रभा सहित विद्यालय का स्टाफ एवं अभिभावक उपस्थित रहे।











