
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला विधानसभा के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र स्थित धारकोट मार्ग की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। बरसात शुरू होते ही सड़क किनारे बने पक्के पुश्ते कई स्थानों पर खिसकने लगे हैं, जबकि सड़क के कई हिस्सों में दरारें पड़ गई हैं। इससे मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है और लोग भय के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी आदर्श राठौर ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मार्ग की जर्जर स्थिति से विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि शिकायतों पर समय रहते संज्ञान लिया गया होता तो आज सड़क की यह स्थिति नहीं होती।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर स्थायी और तकनीकी रूप से मजबूत सुरक्षा कार्य कराने के बजाय केवल औपचारिकता निभाते हुए पुश्तों का निर्माण किया गया, जिसका परिणाम पहली ही बरसात में सामने आने लगा है। पुश्तों का खिसकना निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग, किसान, ग्रामीण और आवश्यक सेवाओं के वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की वर्तमान स्थिति किसी भी समय बड़ी जनहानि का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि अभी बरसात की शुरुआत ही हुई है और यदि आगामी दिनों में भारी वर्षा हुई तो मार्ग पूरी तरह बाधित होने के साथ बड़ा हादसा भी हो सकता है।
उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की कि मार्ग का तत्काल उच्च स्तरीय निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त पुश्तों और सड़क का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्निर्माण कराया जाए तथा निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित एजेंसी की जवाबदेही भी तय की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।











