डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर एनएसयूआई ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को आर्यनगर क्षेत्र में एनएसयूआई के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने छात्रसंघ चुनाव के प्रत्याशियों की मौजूदगी में संयुक्त रूप किया। इस दौरान एनएसयूआई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि संगठन छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने के लिए चुनाव मैदान में उतरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचने और संगठन के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने का आह्वान किया। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। एनएसयूआई छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में है और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी गतिविधियों में जुटना चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना संगठन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के प्रत्याशी छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में हैं। नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने कहा कि एनएसयूआई कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव प्रचार में जुटेंगे। छात्र-छात्राओं के बीच संगठन की नीतियों और प्रत्याशियों के एजेंडे को पहुंचाया जाएगा। वही, अध्यक्ष पद के प्रत्याशी वंश खत्री ने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर वह चुनाव मैदान में हैं। महाविद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, नए पाठ्यक्रम शुरू कराने, छात्र सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के सहयोग से चुनाव में मजबूती के साथ अपनी बात रखी जाएगी। इस मौके पर चुनाव प्रभारी मुकेश प्रसाद, सागर मनवाल, महेंद्र भट्ट, अश्विनी बहुगुणा, नितिन पंवार, सावन राठौर, रणजीत सिंह, सुनील बर्मन, छात्र संघ प्रत्याशी आयुष कृषाली, सृष्टि, जयदीप, वंदना, अतुल सिंह आदि थे।











