डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद् की उपाध्यक्ष विनोद उनियाल ने बुधवार को डोईवाला शुगर मिल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल कर्मचारियों और श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
चीनी मिल मजदूर संघ के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने राज्य मंत्री को श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वेतन कटौती, लंबे समय से फिटमेंट लागू न होने तथा गन्ने की कम आवक के कारण मिल संचालन में कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं के शीघ्र निदान और मिल की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने की मांग उठाई।
राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने श्रमिकों और कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डोईवाला शुगर मिल को और बेहतर बनाने तथा उसके संचालन को मजबूत करने के लिए भी गंभीरता से कार्य करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार श्रमिक हितों की रक्षा के साथ-साथ मिल के विकास के लिए भी सकारात्मक कदम उठाएगी।
इस दौरान गन्ना प्रबंधक दीक्षित, चीफ केमिस्ट सुनील बिष्ट, उप चीफ केमिस्ट आशुतोष अग्निहोत्री, मुख्य लेखाकार सर्वजीत सिंह, सहायक अभियंता मांगेराम अक्षय कुमार, अरविंद शर्मा, आशित प्रतिहार, अंकित सिंह, शिवानी वर्मा, सुषमा आर्य, विजय शर्मा, राममिलन, ओम प्रकाश, सोनू विश्वकर्मा आदि थे।











