डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। द होराइजन स्कूल, जौलीग्रांट का 17वां वार्षिक उत्सव ‘उद्भव: रूट्स टू फ्यूचर’ हर्षोल्लास और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ मनाया गया। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘रूट्स टू फ्यूचर’ रखी गई, जिसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रहते हुए आधुनिकता एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीबीएसई के सीओई प्रमुख मनीष त्यागी और विद्यालय प्रबंधक कैप्टन एके शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में राजस्थानी नृत्य, गुरुकुल पर आधारित नाटक, प्रकृति के तत्वों पर आधारित नर्सरी और एलकेजी के बच्चों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा हरियाणवी-पंजाबी लोकनृत्य, रेट्रो डांस, गुजराती गरबा, मराठी नृत्य, एआई थीम पर आधारित प्रस्तुति, आर्मी डांस, दुर्गा नृत्य, नुक्कड़ नाटक और ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ पर आधारित ह्यूमन डांस को भी सराहना मिली।
इस अवसर पर शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10 के टॉपर अक्षज सिंह, कक्षा 12 की टॉपर साक्षी पंवार, जूनियर वर्ग में स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवन्या पुंडीर और रियांश चौहान तथा सीनियर वर्ग में आशुतोष बडोनी को सम्मानित किया गया। वहीं, बेस्ट हाउस ऑफ द ईयर का पुरस्कार नीलगिरि हाउस को मिला।
प्रधानाचार्य नम्रता शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि मनीष त्यागी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विवेक शर्मा, तृप्ति दीवान, अंकित शर्मा, टीएस शर्मा, प्रीति चौहान, बीना बिष्ट, प्रीति पंडोरा, रितु कौर, उषा रानी, दुर्गी राणा, शिखा गोसाईं, अंजली शर्मा, आरती रावत, मोनिका रानी, नशिमा खान और मधु यादव सहित अन्य मौजूद रहे।














