डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। थाना रानीपोखरी क्षेत्र के थानो में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जागरूक नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थानो क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों, बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों, बगीचों में कार्यरत श्रमिकों के सत्यापन तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के बगीचों में कार्य करने वाले सभी बाहरी श्रमिकों, किराये पर कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा अन्य बाहरी लोगों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी बाहरी व्यक्ति को कार्य पर नहीं रखा जाएगा। इस व्यवस्था के अनुपालन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित बगीचे के स्वामी एवं ठेकेदार की होगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसके लिए संबंधित व्यक्ति ही उत्तरदायी होगा।
वक्ताओं ने कहा कि थानो क्षेत्र हमेशा सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए जाना जाता है। ऐसे में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली कोई जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बजरंग दल के प्रदेश प्रमुख नरेश उनियाल ने कहा कि समाज की सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी नागरिकों का भी सामूहिक दायित्व है। बैठक में लिया गया पुलिस सत्यापन का निर्णय किसी भी व्यक्ति विशेष के प्रति दुर्भावना नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर सभी का सत्यापन और सुरक्षा सुनिश्चित करना ही इस पहल का उद्देश्य है।
स्थानीय निवासी आदर्श राठौर ने बताया थानों क्षेत्र की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए यह निर्णय अत्यंत आवश्यक एवं जनहितकारी है। पुलिस सत्यापन की व्यवस्था लागू होने से क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ेगी, बाहरी व्यक्तियों का विधिवत रिकॉर्ड रहेगा और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी।
बीडीसी महिपाल सिंह कृषाली ने बताया बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए सभी निर्णय पूरी तरह क्षेत्रहित को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को लक्ष्य बनाना नहीं, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
रामनगर डांडा के बीडीसी अमित कुकरेती ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षा के विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में जो निर्णय लिए गए हैं, उनका उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सामाजिक सौहार्द और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में समय-समय पर क्षेत्रीय स्तर पर जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा ग्राम स्तर पर भी लोगों को पुलिस सत्यापन, सुरक्षा उपायों और प्रशासनिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में बीडीसी सदस्य महिपाल सिंह कृषाली, लेखराज सिंधवाल, अमित कुकरेती, ग्राम प्रधान जयेन्द्र सिंधवाल, गोपी चंद मित्तल, अविनाश सिंह, निहाल सिंह, प्रदीप बैलवाल, पवन खत्री, मनीष बहुगुणा आदि उपस्थित रहे।











