डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एसआईआर अभियान के प्रभावी संचालन एवं समन्वय के लिए परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है। परवादून जिला कांग्रेस कार्यालय, डोईवाला तथा ऋषिकेश महानगर कांग्रेस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से गजेंद्र विक्रम शाही, भगवती प्रसाद सेमवाल, राकेश सिंह, अभिनव मलिक व देवेंद्र प्रजापति तथा डोईवाला विधानसभा क्षेत्र से उमेद बोरा, करतार नेगी, महेश लोधी, भव्य चमोला एवं महेश कुकरेती को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने बताया कि समिति एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन देगी, उनके दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग करेगी तथा उनके नाम मतदाता सूची में सुरक्षित बनाए रखने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।











