डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शिक्षिका सृष्टि कण्डारी की संदिग्ध मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के आरोप में पति और नन्द को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और मृतका द्वारा अपनी मां को भेजे गए वीडियो को अहम आधार मानते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, गत 29 जुलाई को श्रीकोट, गैस गोदाम के निकट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कण्डारी द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी। जिसमें उन्होंने बताया था की उनकी पुत्री सृष्टि कण्डारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव निवासी सौरभ खत्री से हुआ और विवाह के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष द्वारा लगातार उत्पीड़न एवं प्रताड़ित किया जाता रहा। जो कि सृष्टि कण्डारी (खत्री) की मौत का कारण बना। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, सास और ननद के खिलाफ धारा 80(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की मां सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने घटना से पहले उन्हें भेजा था। वीडियो में सृष्टि ने विवाह के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे कथित उत्पीड़न का जिक्र किया था। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को नामजद आरोपी पति सौरभ खत्री (36) और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू (37) को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











