डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला से देहरादून वाया दुधली–मोथरोवाला मार्ग जल्द ही एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरों की निगरानी में रहेगा। इन हाईटेक कैमरों के माध्यम से सड़क सुरक्षा, वाहनों की आवाजाही, वन्यजीवों की गतिविधियों तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा सकेगी।
डोईवाला विकासखंड की योजना के तहत दुधली मार्ग पर इन कैमरों की स्थापना की जा रही है। इसके लिए स्थानों का चयन किया जा चुका है और कैमरे भी मंगवा लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि एक कैमरे की कीमत 1.25 लाख रुपये से अधिक है। इन्हें पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से मंगवाया गया है।
इस योजना का लाभ डोईवाला ब्लॉक की ग्राम पंचायत दुधली, सिमलास ग्रांट, नागल बुलंदावाला और नागल ज्वालापुर को मिलेगा। कैमरों की मॉनिटरिंग का एक्सेस डोईवाला और नेहरू कॉलोनी पुलिस के साथ संबंधित ग्राम प्रधानों को भी उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत एक वर्ष तक वाई-फाई सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा से बचने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन दूधली बायपास मार्ग का उपयोग करते हैं। इस दौरान कई वाहन तेज रफ्तार में राहगीरों को टक्कर मारने के बाद फरार हो जाते हैं। इसके अलावा इस मार्ग पर बाहरी वाहनों और लोगों की आवाजाही भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में एनपीआर कैमरे वाहनों की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सड़क दुर्घटनाओं के बाद फरार होने वाले वाहनों का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने बताया कि पहले चरण में करीब पांच लाख रुपये की लागत से कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। फिलहाल सत्तीवाला वन चौकी और त्यागी गार्डन के समीप कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए पोल और विद्युत कनेक्शन का कार्य पूरा हो चुका है। एक पोल पर एक बड़ा सड़क और 03 छोटे कैमरे लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि भविष्य में इस बायपास मार्ग के अन्य स्थानों तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार ऐसे कैमरे लगाए जाएंगे। ये डे-नाइट कैमरे सुरक्षा की दृष्टि से बेहद उपयोगी होंगे और बिजली बाधित होने की स्थिति में भी इन्वर्टर की सहायता से कार्य करते रहेंगे।











