डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जौलीग्रांट सेक्टर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र स्थित लेबर बस्ती में ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) दिवस के अवसर पर बाल मेले का आयोजन किया गया। इस वर्ष बाल मेले की थीम ‘पेड़ हमारे दोस्त’ रही।
कार्यक्रम का संचालन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता राणा ने किया। उन्होंने ईसीसीई की महत्ता बताते हुए कहा कि 03 से 06 वर्ष तक के बच्चों के समग्र विकास के लिए केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी रुचि, सोचने-समझने की क्षमता, गणितीय, रचनात्मक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
परियोजना अधिकारी सुषमा कोठारी ने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम शुक्रवार को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अनिरुद्ध और राहुल सहित अन्य अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
स्वागत गीत के साथ विभिन्न शिक्षाप्रद गतिविधियां आयोजित की गईं। लक्ष्मी ने बच्चों को गुड टच-बैड टच, मीना ने स्वच्छता, जबकि राधा ने ‘बटरफ्लाई’ अंग्रेजी कविता के माध्यम से बच्चों को जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सुनीता राणा ने सप्ताह के दिनों पर आधारित कविता प्रस्तुत करवाई।
विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा गौरा देवी की प्रेरणादायी कहानी सुनाई गई। ‘बीज बो लो’ कविता के साथ वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अनिरुद्ध सोलंकी, प्रधानाचार्य, सुपरवाइजर अनीता पटवाल, सुमित्रा पाठक, मधुरवादिनी, नीलम, सरोज सोलंकी, अनीता, किरण, भारती, पुष्पा, पूनम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











