डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के अठूरवाला स्थित देवाल महादेव मंदिर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर में रुद्राक्ष एवं विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। यदि हर परिवार एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका डोईवाला ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी विदुषी निशंक ने कहा कि माँ हमें जीवन देती हैं और वृक्ष संपूर्ण सृष्टि को जीवन प्रदान करते हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृशक्ति के सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, भाजपा नेता रविंद्र बेलवाल, फिल्म निर्माता संजय चमोली, जगत सिंह असवाल, सतेश्वरी राणा आदि मौजूद रहे।











