
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए परवादून जिला कांग्रेस कार्यालय, डोईवाला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्व. बिष्ट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा जनसेवा और श्रमिक हितों के लिए उनके योगदान को याद किया।
परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि स्व. हीरा सिंह बिष्ट का संपूर्ण जीवन गरीबों, मजदूरों, कर्मचारियों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। वे कांग्रेस की विचारधारा के सच्चे प्रहरी थे और उनका संघर्षशील व्यक्तित्व सदैव कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि डोईवाला तहसील तथा पॉलीटेक्निक संस्थान की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में स्व. बिष्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि स्व. हीरा सिंह बिष्ट ने अपने राजनीतिक जीवन में जनहित को सर्वोपरि रखा और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सक्रिय रहे। उनका सादा जीवन और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सभी के लिए अनुकरणीय है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि स्व. हीरा सिंह बिष्ट ने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे कार्यकर्ताओं का सम्मान करने वाले और उन्हें सदैव मार्गदर्शन देने वाले वरिष्ठ नेता थे। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र स्वरूप भट्ट ने कहा कि स्व. हीरा सिंह बिष्ट का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके संघर्ष, सिद्धांतों और जनसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर अब्दुल रज्जाक, हाजी अब्दुल वहीद, ताजेंद्र सिंह ताज, अश्वनी बहुगुणा, मनोज नौटियाल, नीरज त्यागी, उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, एस.पी. बहुगुणा, बलवीर सिंह, बलवीर सिंह बिंदा, आरिफ अली, राहुल सैनी, विवेक सैनी, तेजपाल सिंह मोंटी, देवराज सावन, सती, सुनील कुमार बर्मन, प्रवीण कुमार सैनी, मोहित कपूर्वाण, नंदन सिंह नेगी, प्रवीण गुप्ता, यशवंत सिंह, संदीप थापा, युवराज पुन, जावेद अली आदि उपस्थित रहे।











