डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। गढ़वाली भाषा, संस्कृति और लोकजीवन की आत्मा को सशक्त अभिव्यक्ति देने वाली फीचर फिल्म ‘भग्यान’ के प्रीमियर शो का शुभारंभ पीवीआर देहरादून में स्पर्श गंगा अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका एवं बॉलीवुड अभिनेत्री डॉ. आरुषि निशंक ने किया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंवेदनाओं, पर्वतीय जीवन, परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े भावलोक का सजीव चित्रण है। फिल्म निर्माता संजय चमोली एवं निर्देशक अशोक चौहान ने कहा कि इस रचनात्मक प्रयास के माध्यम से उत्तराखंड की लोकधारा को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। यह फिल्म भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी सशक्त भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में अभिनेता संजय सिलोड़ी, साक्षी काला, पूनम सकलानी, राजेश जोशी, पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, पुरुषोत्तम डोभाल, रामलाल कोठारी, रणजीत गुसाईं और रविंद्र बेलवाल आदि उपस्थित रहे।











