डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों और आंतरिक सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए नगर पालिका को ओर से अभियान चलाया गया। शनिवार को डोईवाला नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों की टीम ने कैटल कैचर की मदद से नगर के मुख्य बाजार समेत विभिन्न स्थानों से कुल सात निराश्रित गोवंशों को पकड़ा। सभी गोवंशों को रायपुर स्थित मां रुक्मणी गौ सेवा सदन की गौशाला में सुरक्षित रूप से भिजवाया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत ने बताया कि अधिशासी अधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर पालिका की टीम द्वारा डोईवाला क्षेत्र में निराश्रित घूम रहे गोवंशों को पकड़ने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में चिह्नित स्थानों पर अभियान आगे भी जारी रहेगा। डोईवाला नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जनसुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सड़कों पर निराश्रित गोवंशों के घूमने से कई बार यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में गोवंशों को पकड़कर सुरक्षित गौशाला में पहुंचाया जा रहा है।











