डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला के तीन विद्यार्थियों देवांश, चंद्र प्रकाश और अजय सिंह बिष्ट का चयन देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत हुआ है। चयनित विद्यार्थी उद्यमिता प्रशिक्षण एवं शिविर में प्रतिभाग करने के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), काशीपुर रवाना होंगे। शिविर में प्रतिभाग करने से पहले शनिवार को विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में अपने उद्यम ‘हिमालयन वेलनेस टी’ के उत्पादों का एक दिवसीय प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को अपराजिता, तुलसी, लेमनग्रास और कंडाली जैसी स्थानीय एवं प्राकृतिक वनस्पतियों से तैयार हर्बल चाय उत्पादों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने बताया कि उनके उद्यम का उद्देश्य स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास अन्य विद्यार्थियों को भी स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित करेंगे। इस नोडल अधिकारी डॉ. शिवकुमार लाल, प्रो. संगीता बहुगुणा, डॉ. नवीन कुमार नैथानी, डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. वीएस पावर, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. शरद त्रिपाठी, डॉ. गुलनाज फातिमा आदि उपस्थित रहे।











