डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लच्छीवाला वन क्षेत्र से सटे रिहायशी इलाके में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही को रोकने के लिए वन विभाग से खाई खुदवाने की मांग की गई। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 अंबेडकर नगर की सभासद रीना कोठारी की ओर से लच्छीवाला वन विभाग को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि लच्छीवाला टोल प्लाजा के पास जंगल क्षेत्र से लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही आबादी क्षेत्र की ओर हो रही है, जिससे क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। वन विभाग से मांग की गई कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जंगल किनारे आवश्यक स्थानों पर शीघ्र गहरी खाई खुदवाई जाए, ताकि जंगली हाथियों की आबादी क्षेत्र में आवाजाही रोकी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हो सके। सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने बताया कि कई बार हाथियों के सड़क और आबादी क्षेत्र के करीब आने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने वन विभाग से जनहित में जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।











