देहरादून, (प्रियांशु सक्सेना)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता, रायपुर इकाई ने महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
बताया गया कि छात्राओं की सुरक्षा, सुविधा और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया छात्रावास निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। इसके कारण दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि पूर्व में महाविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा छात्रावास का निर्माण कार्य सितंबर माह तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है। लगातार हो रही देरी से छात्राओं में निराशा और असंतोष व्याप्त है।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एबीवीपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलदीप पंवार ने कहा कि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों से शिक्षा ग्रहण करने आती हैं। सुरक्षित एवं सुलभ आवास की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय करनी पड़ती है या फिर निजी किराये के कमरों में रहना पड़ता है। इससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी रहती है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के हितों को देखते हुए बालिका छात्रावास का निर्माण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि वर्तमान शैक्षणिक सत्र से ही छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।
एबीवीपी ने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर छात्राओं को छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई, तो छात्रहित में चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन देने वाले में अनिता भंडारी, आंचल अजवान, देवांग, सचिन पंवार, संदीप पंवार, सचिन रावत, नैन्सी रावत, सलोनी कैंतुरा आदि उपस्थित रहे।











