डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून–हरिद्वार हाइवे पर स्थित रेशम माजरी के दोनों चौकों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश कुमार चतुर्वेदी से देहरादून स्थित कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते दिनों एक स्थानीय महिला की सड़क पार करते समय वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रही है।
लोगों का कहना है कि रेशम माजरी चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने से भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सकेगी और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि रेशम माजरी क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को जनहित में शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।
कांग्रेस जिला सचिव मनोज पाल ने कहा कि सड़क पार करने के दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। वहीं, सेवानिवृत्त आईटीबीपी अधिकारी धर्म सिंह पाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से सड़क सुरक्षा की मांग कर रही है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल लगना अब क्षेत्र की आवश्यकता बन चुका है।











