डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में डोईवाला से भी एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन में शामिल होकर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, धांधली, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। सभासद प्रतिनिधि अमित सैनी ने बताया कि करीब एक महीने से जारी यह आंदोलन अब राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है और धीरे-धीरे जन आंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाना तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। साथ ही प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किए जाने और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की निंदा करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास उचित नहीं है। इस आंदोलन को देशभर के छात्र संगठनों के साथ-साथ विभिन्न विपक्षी दलों का भी समर्थन मिल रहा है और यह लगातार व्यापक जनसमर्थन हासिल कर रहा है। इस अवसर पर परमजीत सिंह, रितेश सैनी, जसवीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।











