डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की परवादून जिला इकाई ने प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने केशवपुरी एवं राजीव नगर बस्ती के निवासियों की सुरक्षा, पुनर्वास और भूमि अधिकारों से जुड़ी समस्याओं को लेकर डोईवाला एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष डॉ. थॉमस मैसी ने बताया कि ज्ञापन में सॉन्ग नदी पर स्थायी एवं मजबूत तटबंध के निर्माण की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्रवासियों को जान-माल के भारी नुकसान का सामना करना पड़ता है। यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, जिससे हजारों परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। जिला महामंत्री इम्मानुएल मैसी ने कहा कि केशवपुरी एवं राजीव नगर के निवासियों को भूमि का मालिकाना हक दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी भूमि अधिकारों की मांग कर रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान आरके भार्गव, सीपी सिंह, न्यूटन ऑस्टिन आदि रहे।











