डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली क्षेत्र के एक मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 10 जून को शुगर मिल, डोईवाला निवासी गुरुप्रसाद ममगाईं ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा मिल रोड स्थित शिव मंदिर से पंचमुखी दीपक, प्रधान दीपक, कलश व घंटी, जलेरी, नाग, आचमनी गिलास तथा अष्टधातु की विष्णु-लक्ष्मी की मूर्ति चोरी कर ली गई है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 305(डी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लूंठी ने बताया कि जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सौंग नदी के पुराने पुल, डोईवाला क्षेत्र से घटना में शामिल आरोपी छोटू उर्फ ढापली, निवासी चांदमारी, डोईवाला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया समस्त सामान बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत को पूरा करने के लिए उसने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था।











