डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता समेत विभिन्न दायित्वों का उत्कृष्टता से निर्वहन करने वाले उत्तराखंड एसडीआरएफ के जवानों को सम्मानित किया गया। महाकुंभ ड्यूटी में तैनात एसडीआरएफ टीम को राज्य सरकार की ओर से कुल पांच लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।
शनिवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में आयोजित कार्यक्रम में सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में अनुशासन, सतर्कता, धैर्य, त्वरित निर्णय क्षमता और विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होता है।
एसडीआरएफ जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी पूरी तत्परता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर बल की पेशेवर कार्यशैली और सेवा भावना का परिचय दिया। सेनानायक ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से दिया गया पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार जवानों के समर्पण और मेहनत का सम्मान है।
इस तरह के सम्मान से जवानों का मनोबल बढ़ता है और भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित होते हैं। इस मौके पर उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनन्द सिंह रावत, निरीक्षक कविन्द्र सजवाण, जयपाल राणा आदि उपस्थित रहे।











