डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विधानसभा क्षेत्र के सिंधवाल गांव पुल के समीप मुख्य मार्ग के किनारे बिदालना नदी के तेज बहाव से लगातार भू-कटाव हो रहा है। इससे सड़क की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। नदी के तेज बहाव के कारण सड़क को बचाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाया गया पुश्ता भी नदी की ओर धंसने लगा है।
स्थानीय निवासी आदर्श राठौर ने बताया कि पिछले कई दिनों से नदी का पानी लगातार मुख्य मार्ग की दिशा में दबाव बना रहा है। इस संबंध में लोनिवि अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नदी के बहाव की दिशा को नियंत्रित करने के साथ ही मशीनों की मदद से नदी किनारे मजबूत सुरक्षा कार्य कराया जाना जरूरी है, ताकि पानी का सीधा दबाव मुख्य मार्ग पर न पड़े।
ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते समस्या का गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया गया। लगातार बढ़ रहे भू-कटाव के कारण सड़क की सुरक्षा के लिए बनाया गया पुश्ता भी नदी की ओर धंस रहा है यदि कटाव इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, मौके पर कई बार हल्का मैटेरियल डालकर केवल खानापूर्ति का प्रयास किया गया, जबकि नदी के लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए मजबूत और स्थायी सुरक्षा कार्य की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को किसी बड़ी दुर्घटना या सड़क संपर्क टूटने का इंतजार नहीं करना चाहिए। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने प्रशासन एवं लोनिवि से तत्काल मौके का निरीक्षण कर वैज्ञानिक और मजबूत तरीके से सुरक्षा कार्य कराने की मांग की। नदी के बहाव और सड़क के बीच मजबूत सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने तक मुख्य मार्ग पर खतरा बना रहेगा।
__________________________________________
*कई गांवों की आवाजाही पर पड़ सकता है सीधा असर*
यह मार्ग केवल एक गांव को जोड़ने वाला रास्ता नहीं है, बल्कि क्षेत्र के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण मुख्य संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से शेरा गोदी, बड़ेरना, सिंधवाल गांव, डाकसारी, मुड़ियागांव, नाहिकला, कोटला और काटल सहित आसपास के कई क्षेत्रों के ग्रामीणों का रोजाना आवागमन होता है। ऐसे में यदि भू-कटाव के कारण मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होता है या सड़क का संपर्क टूटता है, तो इन गांवों के बड़ी संख्या में लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो सकती है।











