डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। ऑनलाइन गैम्बलिंग और नशे की लत के चलते एक मामा-भांजे ने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया माल बरामद कर लिया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, रेशम माजरी के पाल मौहल्ला निवासी मोनिका गोस्वामी द्वारा लिखित शिकायत देकर बताया गया था कि वह अपने परिवार के साथ बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने पाया कि अलमारी में रखी ज्वैलरी और नगदी चोरी हो चुकी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कोतवाली डोईवाला में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केके लूंठी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आवश्यक जानकारियां जुटाईं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। शनिवार को फतेहपुर टांडा क्षेत्र से पुलिस ने घटना में शामिल शिकायतकर्ता के पुत्र चिराग बोरा और उसके मामा अमित सिंह नेगी को चोरी किए गए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी अमित सिंह नेगी ने बताया कि वह शिकायतकर्ता का सगा भाई है तथा चोरी में उनका भांजा चिराग बोरा भी उसके साथ था। बताया कि वह नशे का आदी है तथा भांजे को भी आनलाइन गेमिंग/गैम्बलिंग की लत है। इस कारण दोनो ने साथ मिलकर अपने नशे तथा गैम्बलिंग की लत को पूरा करने के लिये चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
दोनों आरोपी परिजनों के बद्रीनाथ धाम यात्रा में जाने के दौरान बहाना बनाकर घर पर ही रूक गये तथा रात्रि में उनके द्वारा घर में रखे सोन-चांदी के आभूषण तथा नगदी पर हाथ साफ कर लिया। घटना में प्राप्त नगदी को दोनो ने अपनी लत में खर्च कर दिया। जबकि ज्वैलरी को बेचने की फिराक में थे। हालांकि, इससे पूर्व ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।











