डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला नगर पालिका कार्यालय के समीप स्थित नव निर्मित मंदिर में गुरुवार को मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर निर्माण में विधायक बृजभूषण गैरोला के सहयोग से दो लाख रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई, जिससे इस धार्मिक स्थल का निर्माण संभव हो सका। समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई। सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने कहा कि यह मंदिर भविष्य में क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा लोगों की आस्था का महत्वपूर्ण स्थल सिद्ध होगा। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम नेगी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, मनमोहन नौटियाल, आदर्श सिलेलान, अजय कुमार, राहुल गुप्ता, मोहिनी, शोभा, लक्ष्मी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।











